बसंतपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

साइबर सेल एवं थाना बसंतपुर की संयुक्त कार्रवाई, 50+ CCTV कैमरों और तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
राजनांदगांव रमेश निवल बालू/ महेश शर्मा । बसंतपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने का डल्ला, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण एवं ₹1.50 लाख नगद बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग ₹10.50 लाख बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों तक पहुंचने में 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज एवं तकनीकी विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जेल में हुई पुरानी पहचान के बाद रची चोरी की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों की जेल में पुरानी पहचान थी। इसी पहचान के बाद दोनों ने मिलकर चोरी की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विक्की वर्मा के विरुद्ध छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं।
यह था पूरा मामला
दिनांक 11 सितंबर 2026 को प्रार्थी कुल प्रकाश वालदे, निवासी आशीर्वाद कॉलोनी, कौरिनभाठा, अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे से 2:45 बजे के बीच अज्ञात चोर ने उनके घर के दरवाजे में लगे ताले को तोड़कर घर में प्रवेश किया।
चोर ने कमरे में रखी अलमारी के लॉकर को तोड़कर सोने एवं चांदी के आभूषण तथा नगदी चोरी कर ली।
चोरी गए सामान में सोने की 3 अंगूठियां, 1 टॉप्स, 2 नथ, 1 चेन, 1 लॉकेट, 3 झुमके, 2 जोड़ी चूड़ी, 1 बाली, 1 हार एवं 8 नग चांदी की पायल शामिल थीं। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब ₹2.65 लाख तथा ₹1.50 लाख नगद चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कुल चोरी की राशि करीब ₹4.15 लाख बताई गई थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 420/2026, धारा 331(3), 305 बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए गए। लगातार जांच के बाद पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
1. विक्की वर्मा, पिता स्व. राजेश कुमार वर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी डेह कॉलोनी शाहबाद, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा, वर्तमान निवासी खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।
2. रहिमन, पिता टीकम दास बड़ा बाघ, उम्र 43 वर्ष, निवासी काकोडी चिल्हाटी, महाराष्ट्र, वर्तमान निवासी आशीर्वाद कॉलोनी, कौरिनभाठा, जिला राजनांदगांव।
जांच अभी जारी
पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों एवं ज्वेलर की भूमिका की भी जांच जारी है।
प्रकरण की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) एवं साइबर/क्राइम डीएसपी श्री सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक श्री कौशलेश देवांगन एवं साइबर सेल/थाना प्रभारी श्री विनय पम्मार के नेतृत्व में थाना बसंतपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Related News
Comments (0)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.



