

लाइसेंस, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, सिलेंडर और साफ-सफाई की जांच के लिए बनी रणनीति
शाम को संयुक्त टीम शहर में निकली जांच के लिए, घरेलू उपयोग के 4 सिलेंडर किए जब्त
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
राजनांदगांव। अतिक्रमण कर एवं अवैध रूप से मांस विक्रय करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए शहर में मांस विक्रेताओं के नगर निगम लाइसेंस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसी कड़ी में महापौर श्री मधुसूदन यादव ने नगर निगम, पुलिस, खाद्य एवं खाद्य औषधि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर मांस विक्रय करने वाले होटल और ठेलों की विभिन्न पहलुओं पर जांच करने के संबंध में चर्चा की।
बैठक में निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम, प्रशिक्षु आईपीएस एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य कुमार, डीएसपी श्री एस.पी. तिवारी, टीआई श्री उपेन्द्र साहू, खाद्य एवं औषधि विभाग के अभिहित अधिकारी श्री तरुण बिड़ला तथा सहायक खाद्य अधिकारी श्री द्रोण कामडे प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
बैठक में महापौर श्री यादव ने कहा कि कुछ दिन पूर्व गौरी नगर में अवैध रूप से मांस विक्रय करने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की गई, वहीं नगर निगम द्वारा अवैध मांस विक्रेता का अतिक्रमित घर तोड़कर ठेला जब्त किया गया था।
इसी परिप्रेक्ष्य में शहर में मांस विक्रय करने वालों के लाइसेंस, खाद्य सुरक्षा विभाग की अनुमति और साफ-सफाई सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। नगर निगम द्वारा संबंधित व्यवसायियों को तीन दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम के अलावा खाद्य एवं सुरक्षा से संबंधित सभी विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र से जुड़े पहलुओं की जांच करेंगे। इसके लिए संयुक्त बैठक आयोजित की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संयुक्त टीम बनाकर मांस विक्रेताओं के लाइसेंस, विभागीय अनुमति, व्यावसायिक गैस सिलेंडर, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की जाए, ताकि अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।
महापौर के निर्देश पर शाम को ही नगर निगम, खाद्य विभाग, खाद्य एवं औषधि विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शहर में मांस विक्रय करने वाले होटल, ठेले और खोमचों की जांच के लिए निकली।
जांच टीम ने नया बस स्टैंड, टाउन हॉल के सामने, फ्लाईओवर के नीचे, पोस्ट ऑफिस के पास और पुराना बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर मांस विक्रेताओं के होटल एवं ठेलों की जांच की। इस दौरान खाद्य लाइसेंस, खाद्य सामग्री, खाद्य सुरक्षा से जुड़े अन्य पहलुओं तथा सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की गई।
जांच के दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करते पाए जाने पर चार सिलेंडर जब्त किए गए। संयुक्त टीम ने स्पष्ट किया कि शहर में जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.
