

✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
राजनांदगांव।
बेमौसम बारिश और तेज अंधड़ से खेतों में बिछी धान की फसल ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। फसल नुकसान की जानकारी लेने शुक्रवार सुबह शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार कांग्रेस नेताओं और किसानों के साथ खेतों में पहुंचे। उन्होंने प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से चर्चा कर नुकसान की स्थिति जानी।
इस दौरान किसानों ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन पिछले दो दिनों में हुई बारिश और तेज अंधड़ के कारण उनकी करीब 80 प्रतिशत फसल प्रभावित हो गई है। फसल पकने और कटाई की तैयारी के समय हुए नुकसान से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

जितेंद्र मुदलियार ने प्रभावित किसानों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि जिले में इस खरीफ सीजन में लगभग एक लाख 70 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की गई है। फसल पकने और कटाई की तैयारी के समय हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खेतों में फसल गिरने और जलभराव के कारण धान की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
खेतों का निरीक्षण करने के बाद शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर जितेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले के सभी विकासखंडों और प्रभावित गांवों में राजस्व, कृषि एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर फसल क्षति का निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की गई।
मुदलियार ने मांग की कि सर्वे के दौरान खेतों में गिरी फसल, जलभराव तथा बारिश और अंधड़ से हुए अन्य नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए। प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार मुआवजा एवं बीमा राशि उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने सर्वे प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के साथ दीपावली से पहले किसानों को आर्थिक सहायता देने की मांग की, ताकि नुकसान से प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
इस दौरान वीरेन्द्र चन्द्राकर, राजेश गुप्ता, चंपा चंद्राकर, प्रवीण चंद्राकर, भूषण साहू, शिवमंगल, चेतन चंद्राकर, भूपेन्द्र, तोकेश चंद्राकर, झल्लू चंद्राकर, सुरेश चन्द्राकर, गोकुल ठाकुर, रेवंत चन्द्राकर, बाबूलाल चन्द्राकर, इंदल चन्द्राकर, युवराज भारती, हितेष साहू और दुष्यंत चन्द्राकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
RJN INSIDE 24 | सच की तह तक
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.