

मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर होगी परिवार के सदस्यों की गणना, अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए दिशा-निर्देश
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
राजनांदगांव। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जिला पंचायत राजनांदगांव के सभाकक्ष में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय, रायपुर के संयुक्त निदेशक श्री दीपक बी. गोदे और सहायक निदेशक श्री कविन्द्र कुमार रंगारी ने जनगणना की प्रक्रिया, दिशा-निर्देशों तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से गणना करने की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनवरी से फरवरी 2027 के दौरान प्रगणक पूर्व में किए गए मकान सूचीकरण कार्य के आधार पर निर्धारित गणना ब्लॉकों में घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों की गणना करेंगे। यह प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से पूरी की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के दौरान एकत्र किए जाने वाले आंकड़ों को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा और उनका उपयोग किसी अन्य कार्य के लिए नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही विदेशों से आए व्यक्तियों, बेघर परिवारों और घुमंतू व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गणना भी की जाएगी।
प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि गणना का कार्य 28 फरवरी 2027 की मध्यरात्रि तक पूरा किया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि जनगणना से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न किए जाएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त चार्ज अधिकारी एवं सहायक चार्ज अधिकारियों के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों के तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार और नायब तहसीलदार शामिल हुए। इसके अलावा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनगणना कार्यालयों के लिपिक तथा तकनीकी सहायकों ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया और निर्देश पुस्तिका प्रदान की गई। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य को निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
RJN INSIDE 24 | सच की तह तक
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.
