26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

राजनांदगांव में 520 खिलाड़ी और 100 ऑफिशियल्स ले रहे हिस्सा, हॉकी, योगा, बैडमिंटन और क्रिकेट में होगा मुकाबला
राजनांदगांव रमेश निवल बालू महेश शर्मा ।। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह का आयोजन दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव के इंडोर हॉल में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि खेल मनोरंजन के साथ-साथ जीवन में आगे बढ़ने के अवसर भी प्रदान करते हैं। खेलों के माध्यम से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र एवं जिले का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। साथ ही कोच एवं आयोजकों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करने कहा।
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री सुशील कोठारी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अपने खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम देश-विदेश में रोशन करें। उन्होंने प्रतिभागियों को खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की।
520 खिलाड़ी और 100 ऑफिशियल्स होंगे शामिल
जिला शिक्षा अधिकारी एवं संगठन सचिव 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता श्री प्रवास कुमार सिंह बघेल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 5 संभाग—बस्तर, बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर एवं मेजबान दुर्ग से कुल 520 प्रतिभागी एवं 100 ऑफिशियल्स सम्मिलित हुए हैं।
इनमें 220 बालक एवं 300 बालिका खिलाड़ी शामिल हैं।
इन खेलों में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में निम्न खेलों का आयोजन किया जाएगा—
हॉकी — बालक एवं बालिका, 17 वर्ष
योगा — बालक एवं बालिका, 14, 17 एवं 19 वर्ष
बैडमिंटन — बालक एवं बालिका, 14 वर्ष
क्रिकेट — बालक, 19 वर्ष
बैडमिंटन, योगा एवं क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन दिग्विजय स्टेडियम में तथा हॉकी प्रतियोगिता श्री गुरूनानक स्कूल में आयोजित की जाएगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति
समारोह में रॉयल किड्स कॉवेन्ट स्कूल राजनांदगांव के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण साहू, अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव श्रीमती प्रतिमा चन्द्राकर, पार्षद श्रीमती प्रियंका कुरंजेकर, फील्ड मार्शल श्री शैलेन्द्र तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, प्रतिभागी खिलाड़ी, कोच एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्रीमती शीतल दास एवं व्यायाम शिक्षक श्रीमती सोमू प्रसन्ना द्वारा किया गया। प्रभारी सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री देवेन्द्र ठाकुर ने आभार प्रदर्शन किया।
Related News
Comments (0)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.



