
********************
राजनांदगांव
********************
शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा थाना प्रभारियों की बैठक लेकर सख्त दिशा-निर्देश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के कथित व्यवहार को लेकर पत्रकारिता जगत में सवाल खड़े हो गए हैं। प्रेस फोटोग्राफर अभिषेक यादव ने ट्रेनी आईपीएस वैशाली जैन पर कवरेज के दौरान अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, मोबाइल छीनने, फोटो-वीडियो डिलीट करने और मोबाइल तोड़ने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
रात करीब 2 बजे कवरेज के दौरान विवाद
शिकायत के अनुसार, 26-27 सितंबर की दरमियानी रात करीब 2 बजे भारत माता चौक, राजनांदगांव में विसर्जन झांकी कवरेज के दौरान यह घटनाक्रम हुआ। अभिषेक यादव ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि वे लंबे समय से पत्रकारिता और फोटो पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग के दौरान घटनास्थल पर मौजूद रहकर समाचार एवं फोटो संकलन करना उनके कार्य का हिस्सा है।
आरोप है कि कवरेज के दौरान एएसपी शैली जैन ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करते हुए मोबाइल छीन लिया। शिकायत में मोबाइल में मौजूद फोटो, वीडियो और अन्य पत्रकारिता संबंधी सामग्री डिलीट करने तथा मोबाइल तोड़ने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
मोबाइल से डिलीट किए गए फोटो-वीडियो, जांच की मांग
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मोबाइल में मौजूद समाचार कवरेज से संबंधित महत्वपूर्ण फोटो और वीडियो डिलीट किए गए। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर मोबाइल से डिलीट की गई सामग्री की तकनीकी जांच कराने और आवश्यकता पड़ने पर उसे वापस प्राप्त करने के लिए तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
शिकायत में संबंधित अधिकारी के व्यवहार और घटनाक्रम की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रेस क्लब और पत्रकार संगठनों तक मामला पहुंचाने की चेतावनी
अभिषेक यादव ने शिकायत में स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी अधिकारी की व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि प्रेस फोटोग्राफर के रूप में अपने सम्मान, कार्य की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के दायित्वों की रक्षा करना है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। साथ ही शिकायत पर निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में प्रेस क्लब राजनांदगांव और पत्रकार संगठनों के समक्ष मामला उठाने तथा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने की बात कही है।
अब एसपी की कार्रवाई पर टिकी निगाहें
एक ओर पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती के निर्देश दे रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस अधिकारी के विरुद्ध पत्रकार द्वारा लगाए गए आरोपों ने विभागीय जवाबदेही का सवाल खड़ा किया है।
अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा इस शिकायत पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पत्रकार को न्याय दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाती है।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.