
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
राजनांदगांव।
जिले से लगभग 20 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच स्थित ग्राम जोरातराई-मनगटा जंगल (स्टेशन मुढ़ीपार) का प्रसिद्ध पहाड़ी पाठ बाबा मंदिर शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। प्राकृतिक वातावरण से घिरे इस देवस्थल में हर वर्ष की तरह इस बार भी भक्ति और श्रद्धा का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है।

मंदिर में 11 अक्टूबर को ज्योति कलश स्थापना के साथ नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ। आगामी धार्मिक अनुष्ठानों के तहत 15 अक्टूबर को पंचमी पर माता का विशेष शृंगार किया जाएगा। वहीं, 18 अक्टूबर को महाअष्टमी हवन एवं दोपहर 4 बजे पूर्णाहुति होगी। 19 अक्टूबर को ज्योति-जवारा विसर्जन किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
पहाड़ी पाठ बाबा धाम में स्थापित बाबा महाकाल की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। प्रतिमा के शीश से बहती जलधारा की मधुर ध्वनि और आसपास का शांत, प्राकृतिक वातावरण भक्तों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है

स्थानीय मान्यता के अनुसार, इस स्थल पर घने जंगल में मुंडी पेड़ के नीचे भगवान भोलेनाथ स्वयंभू रूप में प्रकट हुए थे। इसी आस्था के चलते यहां श्रद्धालुओं की संख्या और मंदिर के प्रति लोगों की श्रद्धा निरंतर बनी हुई है।
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मंदिर समिति द्वारा पूरे परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर प्रांगण में माता मंदिर सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। श्रद्धालु यहां पहुंचकर दर्शन-पूजन कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों ने मनोकामना दीप प्रज्वलित कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
पहाड़ी पाठ देव स्थल उत्थान समिति के अध्यक्ष एवं जोरातराई के पूर्व सरपंच संतोष कुमार साहू ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी मंदिर में घी और तेल से 300 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। नवरात्रि के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की सहभागिता से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में पुजारी संतोष शर्मा, समिति अध्यक्ष संतोष कुमार साहू, उपाध्यक्ष नरसिंह साहू, सचिव सुदामा लाल साहू, कोषाध्यक्ष रामलाल साहू, सहसचिव पुरुषोत्तम कुमार साहू, संरक्षक सुरेंद्र शर्मा, संरक्षक शिवलाल चक्रधारी और संरक्षक डॉ. जी.एस. राजपूत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सभी ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर पहाड़ी पाठ बाबा धाम में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक आस्था का विशेष संगम देखने को मिल रहा है।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.