
राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसंतपुर में जिला स्तरीय ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए।
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के ऑडिटोरियम के मरम्मत कार्य के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके साथ ही बालक-बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय निर्माण और विद्यालय में 5 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की घोषणा भी की गई।
उन्होंने पेण्ड्री, मोहारा और शंकरपुर सहित अन्य विद्यालयों में आवश्यक विकास कार्यों के लिए भी राशि उपलब्ध कराने की बात कही।

कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई ड्राइंग और पोस्टर की प्रदर्शनी लगाई गई। भाषण प्रतियोगिता में भी विभिन्न विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रभारी मंत्री ने विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों के सपनों और उनकी कल्पनाओं में विकसित भारत की मजबूत नींव दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्ष 2014 के भारत, वर्तमान भारत और वर्ष 2047 के विकसित भारत की कल्पना को चित्र, पेंटिंग एवं निबंध के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी आने वाले समय में इस संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने आत्मनिर्भरता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्थानीय संसाधनों, कला, कौशल और उत्पादों के प्रति गौरव की भावना रखने का आह्वान किया।
उन्होंने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला एवं स्थानीय हस्तशिल्प को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, नशामुक्ति और स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकारों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
सांसद संतोष पाण्डेय ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को प्रोत्साहन और उचित मंच मिलने से उनके आत्मविश्वास को नई दिशा मिलती है। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों एवं पालकों को भी बधाई दी।
उन्होंने राजनांदगांव को प्रतिभाओं की धरती बताते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ियों ने हॉकी, कबड्डी, वेटलिफ्टिंग सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
सांसद ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा के साथ साहस, संवेदना और राष्ट्रहित की भावना का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने वर्ष 2047 में स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, पूर्व विधायक विनोद खाण्डेकर, भरत वर्मा, एमडी ठाकुर, राजेन्द्र गोलछा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल सहित जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.