
600 से अधिक दिव्यांगजनों को मिलेगा लाभ, 250 से अधिक हितग्राहियों को कृत्रिम हाथ-पैर, व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल सहित विभिन्न उपकरण वितरित
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
राजनांदगांव।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजनांदगांव के जैन बगीचा में नि:शुल्क विशाल दिव्यांग कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। शिविर में चिन्हांकित दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग एवं विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
शिविर में बैसाखी, ट्राईसाइकिल, कैलिपर्स, कृत्रिम हाथ-पैर, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर और वॉकर सहित अन्य उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लाभान्वित दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे शिविर दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर और अखिल भारतीय जैन संगठन राजनांदगांव सहित सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से राजनांदगांव जिले के 600 से अधिक दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जा रहा है। डोंगरगांव, छुरिया, डोंगरगढ़ और राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों के 250 से अधिक दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स, बैसाखी, ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर सहित आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सहायक उपकरण मिलने के बाद दिव्यांगजन अपने दैनिक कार्य अधिक सक्रियता से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केवल उपकरण उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना भी जरूरी है।
उन्होंने जिला प्रशासन से दिव्यांगजनों को छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने कहा। साथ ही शासन स्तर पर भी आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का प्रयास किए जाने की बात कही।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए आयोजित यह कार्यक्रम सेवा भावना से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार होगा।

उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा डोंगरगढ़, डोंगरगांव, छुरिया और राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में दिव्यांगजनों के लिए शिविर आयोजित कर आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह ने शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर और अखिल भारतीय जैन संगठन राजनांदगांव के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दिव्यांगजनों के लिए आयोजित यह शिविर भी इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत कराया गया। उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री भावेश बैद, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, एसडीएम श्री गौतम पाटिल, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार, जयपुर से आई भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति एवं अखिल भारतीय जैन संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.