
11 अक्टूबर से शुरू होगा क्वांर नवरात्रि मेला, सड़कों की मरम्मत, प्रकाश, पेयजल, पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
राजनांदगांव।
मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में 11 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले क्वांर नवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने छिरपानी परिसर डोंगरगढ़ में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं पदयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए सभी आवश्यक कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक श्रीमती हर्षिता बघेल, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत सीईओ श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
संभागायुक्त श्री राठौर ने कहा कि पिछले वर्ष सभी के सहयोग से नवरात्रि मेले का आयोजन व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक हुआ था। इस वर्ष श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की संख्या अधिक होने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाना जरूरी है। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश, यातायात और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालु मां बम्लेश्वरी के दर्शन के साथ डोंगरगढ़ के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भी आनंद लेते हुए सुरक्षित और सुखद अनुभव के साथ वापस लौटें, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने डोंगरगढ़ के विकास में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए पर्यटन एवं अन्य सुविधाओं के विकास में आगे आने की अपील की।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने मेले की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पंडाल, यातायात और पार्किंग सहित विभिन्न कार्य विभागवार किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित व्यवस्थाओं में भी आवश्यक सुधार कर यातायात को सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गों की मरम्मत के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महाराष्ट्र सहित विभिन्न दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के मार्गों पर पंडाल एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।
कलेक्टर ने मंदिर ट्रस्ट को रोप-वे का फिटनेस प्रमाण-पत्र तथा प्रतिदिन आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत संबंधी प्रमाण-पत्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यकता पड़ने पर रात्रि में भी रोप-वे संचालन की व्यवस्था की जाएगी।
मेले के दौरान दुकानों में विद्युत एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। कलेक्टर ने व्यापारियों और नागरिकों से डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की सहभागिता से डोंगरगढ़ को चरणबद्ध तरीके से प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एसडीएम और डीएसपी को मंदिर ट्रस्ट, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा, आरपीएफ एवं रेलवे कर्मचारियों की व्यवस्था तथा रेलवे पुल के नीचे जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से समन्वय करने की जानकारी दी गई।
कलेक्टर ने बताया कि नवरात्रि के दौरान आयोजित होने वाली कलश यात्रा के लिए रेलवे से आवश्यक सहयोग हेतु पत्राचार किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निजी संस्थाओं की सहभागिता से प्रमुख मार्गों पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जाएगी। पैदल यात्रा के दौरान पैरों में छाले आदि की स्थिति में आवश्यक चिकित्सा सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर ने सभी विभागों, संस्थाओं, मंदिर ट्रस्ट, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से मेले को सेवा का अवसर मानकर पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों से सुझाव भी लिए गए। इस दौरान नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ के अध्यक्ष श्री रमन डोंगरे, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, एसडीएम डोंगरगढ़ श्री अक्षय दोषी, पुलिस विभाग के अधिकारी, मां बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष श्री मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री अनिल गट्टानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.