
*********************
राजनांदगांव
छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज की सामाजिक एकता, संगठन और सामूहिक प्रयासों की यात्रा में महाराजा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल अग्रवाल ने कहा कि राज्य निर्माण के बाद से समाज ने जब-जब एकजुट होकर सकारात्मक सोच के साथ अपनी भावनाएं और मांगें शासन के समक्ष रखीं, तब-तब समाज को सम्मान और सकारात्मक सहयोग मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति अग्रवाल समाज की ओर से हृदय से आभार व्यक्त किया।
विमल अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज की यह यात्रा केवल किसी एक घोषणा तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन, संवाद, सेवा और सामाजिक एकता की निरंतर यात्रा है। राज्य निर्माण के शुरुआती दौर में रायपुर की निरंजन धर्मशाला में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल सम्मेलन के परिचय सम्मेलन में तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी समाज की मांग पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इसी मंच से सामाजिक समरसता के क्षेत्र में प्रतिवर्ष दो लाख रुपए का महाराजा अग्रसेन सम्मान प्रदान करने की घोषणा की गई थी। उन्होंने इसके लिए तत्कालीन प्रांतीय अध्यक्ष सियाराम अग्रवाल और उनकी पूरी टीम के प्रयासों को स्मरण करते हुए आभार जताया।
इसके बाद छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के मंच से तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, विचारों और आदर्शों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की समाज की भावना को स्वीकार करते हुए घोषणा की थी। तत्कालीन पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल के प्रयासों से महाराजा अग्रसेन जी से संबंधित विषय को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया। इससे नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के विचारों और आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिला।
अग्र महाकुंभ में हुई ऐतिहासिक घोषणा
विमल अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2026 में अग्रवाल समाज की इस यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। अंबिकापुर में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित ‘अग्र महाकुंभ-2026—सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम’ के मंच से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा हजारों समाजबंधुओं की उपस्थिति में समाज की भावना को सुनकर और समझकर मंच से ही घोषणा किया जाना अग्रवाल समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। यह केवल एक दिन के अवकाश की घोषणा नहीं, बल्कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, अग्रवाल समाज की भावनाओं, सांस्कृतिक विरासत और समाज के योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
‘समाज उपकार और सम्मान को कभी नहीं भूलता’
विमल अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज अपनी संस्कृति और संस्कारों में कृतज्ञता को विशेष स्थान देता है। जिसने समाज की भावनाओं का सम्मान किया, उसके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती के आयोजनों तथा समाज की विभिन्न गतिविधियों में मुख्यमंत्री की इस घोषणा का उल्लेख कर समाज की ओर से उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर समाज की आस्था, पहचान और भावनाओं को जो सम्मान दिया गया है, उसके लिए छत्तीसगढ़ का अग्रवाल समाज उनका अभिनंदन करता है।
संगठन की शक्ति को आगे भी सेवा से जोड़ने का संकल्प
विमल अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक सियाराम अग्रवाल और उनकी पूरी प्रांतीय टीम, आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों, सरगुजा संभाग, अग्रवाल सभा अंबिकापुर तथा इस मांग और आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी समाजबंधुओं के योगदान के प्रति समाज कृतज्ञ है।
उन्होंने कहा कि इस पूरी यात्रा से यह संदेश मिलता है कि सामाजिक एकता में बड़ी ताकत होती है। समाज की सामूहिक शक्ति का उद्देश्य केवल अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना, जरूरतमंदों की सहायता करना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान देना तथा प्रदेश और देश की सेवा में अपनी भागीदारी बढ़ाना भी है।
उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन सम्मान की स्थापना से लेकर उनके आदर्शों को पाठ्यक्रम में स्थान मिलने और अब महाराजा अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा तक की यात्रा समाज की एकजुटता और सकारात्मक प्रयासों का उदाहरण है। इससे समाज को आगे भी संगठित होकर सेवा कार्यों को गति देने की प्रेरणा मिलती है।
सामाजिक नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन
विमल अग्रवाल ने पूर्व एवं वर्तमान सामाजिक नेतृत्व, विभिन्न अग्रवाल सभाओं, प्रांतीय, जिला एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों तथा समाज के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज की उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति के प्रयास का परिणाम नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता और निरंतर प्रयासों का परिणाम होती हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ अग्रवाल संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, जिला महामंत्री आलोक बिंदल, जिला उपाध्यक्ष भावेश अग्रवाल, जिला मंत्री रमणिक अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, परमानंद गोयल, दुर्गा खोखरिया, शरद अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, मंजू खोखरिया, सुषमा अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, प्रदीप सिंघल, कांशी अग्रवाल, श्रद्धा अग्रवाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
विमल अग्रवाल ने अंत में कहा कि संगठन हमारी शक्ति है, कृतज्ञता हमारा संस्कार है और सेवा हमारा संकल्प है। उन्होंने समाजबंधुओं से एकजुट रहकर सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.