
15 अक्टूबर को दिग्विजय स्टेडियम में होगा आयोजन; शाम 4:30 से 6 बजे तक पहुंचने की अपील, पास पर दिए गए गेट से ही मिलेगा प्रवेश
✍️ रमेश निवल बालू
✍️ महेश शर्मा
राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर 15 अक्टूबर 2026 को राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित होने वाले जुबिन नौटियाल के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर राजनांदगांव पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं अन्य अतिथियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था, प्रवेश और पार्किंग को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पुलिस ने नागरिकों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले आगंतुकों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शाम 6 से 8 बजे के बीच प्रवेश द्वारों पर अधिक भीड़ हो सकती है। इसे देखते हुए आगंतुकों से शाम 4:30 से 6 बजे के बीच स्टेडियम पहुंचने का प्रयास करने कहा गया है।
प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच एवं फ्रिस्किंग की जाएगी। इसलिए लोगों से पर्याप्त समय लेकर पहुंचने और सुरक्षा कर्मियों को जांच में सहयोग देने की अपील की गई है।
आगंतुकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में पांच मुख्य प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पास पर अंकित गेट के अनुसार ही प्रवेश करना होगा।
मुख्य प्रवेश द्वारों की जानकारी:
Main Gate A: एलआईसी के सामने।
Main Gate B: एसबीआई के सामने।
Main Gate C: एचडीएफसी के बगल वाली गली।
Main Gate D: स्टेडियम के बगल में हनुमान मंदिर के पास।
Main Gate E: गौशाला पिंजरील की ओर जाने के लिए हाईवे वाली सड़क से।
पास पर Gate 1 से 6 तथा Gallery Gate 2 से 8 तक का उल्लेख किया गया है। आगंतुक अपने पास पर दर्ज प्रवेश द्वार की जानकारी पहले से देख लें। संबंधित गेट तक पहुंचने के लिए आयोजन के साथ साझा किए गए प्रवेश मानचित्र का अनुसरण करें।

कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पास की श्रेणी के अनुसार पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने सभी आगंतुकों से अपने पास के अनुरूप निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की अपील की है।
अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा करने से बचें और ऐसी गतिविधियां न करें, जिनसे यातायात बाधित हो। स्टेडियम के नजदीक रहने वाले तथा पैदल आने में सक्षम नागरिकों से निजी वाहनों के बजाय पैदल आने पर विचार करने की अपील भी की गई है।

कॉन्सर्ट और अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। पुलिस ने नागरिकों से निम्नलिखित सावधानियां बरतने कहा है:
यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
वैध पास एवं आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें।
पास पर अंकित प्रवेश द्वार का ही उपयोग करें।
निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें।
प्रवेश और निकास मार्गों पर अनुशासन बनाए रखें।
प्रतिबंधित वस्तुएं, हथियार और धारदार सामग्री आयोजन स्थल पर न लाएं।
धक्का-मुक्की, अफवाह फैलाने और अव्यवस्था पैदा करने से बचें।
पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अशांति उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि सभी नागरिक सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और अपने नागरिक दायित्वों का पालन करें। सामूहिक सहयोग से कार्यक्रम को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।
राजनांदगांव पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।
Publisher: प्रधान संपादक: रमेश निवल (बालू) प्रधान संपादक एवं मुद्रक: महेश शर्मा दुर्ग संभाग प्रभारी: नागेश यदु (रक्तवीर)
No comments yet. Be the first to comment.
Login to post a comment.